बालोद। बालोद शहर और आसपास के गांवों में साधु वेश धारण कर भिक्षा मांग रहे उत्तर प्रदेश के तीन व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। इनमें पिता-पुत्र भी शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को अलग-अलग स्थानों से पकड़कर पूछताछ की। इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पकड़े गए व्यक्तियों में उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के खोरमपुर निवासी विद्यासागर (41 वर्ष), उनका पुत्र कृष्ण सागर (18 वर्ष) और देवरिया जिले के पकड़ी रवदुपुर निवासी अतुल पाण्डेय (41 वर्ष) शामिल हैं।
बताया गया कि तीनों पिछले तीन दिनों से बालोद शहर और आसपास के गांवों में भगवा वस्त्र पहनकर भिक्षा मांग रहे थे। पुलिस ने दो व्यक्तियों को सदर रोड और एक को सिवनी क्षेत्र से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, तीनों ने मुसाफिरनामा दर्ज नहीं कराया था।

मुसाफिरनामा दर्ज नहीं कराने पर कार्रवाई
अन्य स्थानों से आकर किसी क्षेत्र में अस्थायी रूप से ठहरने वाले व्यक्तियों की पहचान और उनके ठहरने से संबंधित जानकारी का सत्यापन पुलिस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी क्रम में बालोद पुलिस ने तीनों व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ की और उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।













