Skip to main content

प्रदेश रूचि

सरदार पटेल मैदान में क्रिकेट बॉक्स पर शुरू हुआ विरोध, सत्ता पक्ष-विपक्ष के पार्षद और खिलाड़ी आमने-सामने

निर्माण का विरोध नहीं, जगह बदलने की मांग; कलेक्टर-सीएमओ को सौंपे ज्ञापन, सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम परिसर या आसपास बनाने का सुझाव

बालोद। जिला मुख्यालय के सरदार पटेल मैदान में प्रस्तावित क्रिकेट बॉक्स के निर्माण को लेकर निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। खास बात यह है कि इस मामले में केवल विपक्ष ही नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष से जुड़े पार्षद और एल्डरमैन भी मैदान के मौजूदा स्वरूप को बनाए रखने की मांग के साथ सामने आए हैं। गुरुवार को भाजपा पार्षदों, एल्डरमैन, कांग्रेस पार्षदों व नेताओं, पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा,स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों तथा बालोद जिला क्रिकेट अकादमी से जुड़े लोगों ने अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर क्रिकेट बॉक्स का निर्माण स्थल बदलने की मांग की।

ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि क्रिकेट बॉक्स के निर्माण का विरोध नहीं है, बल्कि इसे सरदार पटेल मैदान के बजाय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम परिसर अथवा उसके आसपास उपलब्ध उपयुक्त स्थान पर बनाने की मांग की जा रही है, ताकि खेल सुविधा का वास्तविक लाभ जिले के खिलाड़ियों को मिल सके।

शहर के पुराने और सार्वजनिक मैदान के स्वरूप को लेकर चिंता

नगर के जनप्रतिनिधियों द्वारा कलेक्टर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में सरदार पटेल मैदान को बालोद शहर का महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक सार्वजनिक मैदान बताया गया है। ज्ञापन के अनुसार मैदान में सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और खेल गतिविधियों के साथ विभिन्न सार्वजनिक आयोजन होते हैं। वहीं स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए भी मैदान का उपयोग खेल, शारीरिक व्यायाम, प्रशिक्षण, प्रार्थना सभा एवं अन्य गतिविधियों में होता है।

ज्ञापन में आशंका जताई गई है कि क्रिकेट बॉक्स के निर्माण से मैदान का खुला क्षेत्र सीमित हो सकता है, जिसका असर भविष्य में अन्य खेलों तथा सार्वजनिक आयोजनों पर पड़ सकता है। कुछ जनप्रतिनिधियों ने मैदान के खुले एवं प्राकृतिक स्वरूप को यथासंभव सुरक्षित रखने की मांग की है।

खिलाड़ियों ने भी कहा—सुविधा बने, लेकिन सही जगह

इधर जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात प्रशासन के सामने रखी है। खिलाड़ियों की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में जिले के बड़ी संख्या में नौनिहाल एवं युवा खिलाड़ी नियमित रूप से क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों का अभ्यास करने पहुंचते हैं, लेकिन वहां आवश्यक खेल सुविधाओं और अभ्यास संसाधनों की कमी महसूस होती है।

मामले पर पारस यादव, सुयश साहू,भावेश ध्रुव टीमांशु साहू, सूर्या राठी सहित अन्य खिलाड़ियों का कहना है कि यदि प्रस्तावित क्रिकेट बॉक्स का निर्माण सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम परिसर अथवा उसके आसपास उपलब्ध उपयुक्त खाली शासकीय स्थान पर, विशेषकर इनडोर स्टेडियम के समीप किया जाता है, तो यह सुविधा खिलाड़ियों के लिए अधिक उपयोगी हो सकती है।

क्रिकेट के साथ फुटबॉल और दूसरे खेलों के लिए भी उपयोग की संभावना

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित क्रिकेट बॉक्स का उपयोग केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि क्रिकेट, फुटबॉल सहित अन्य खेलों के अभ्यास के लिए भी किया जा सकता है। ऐसे में खिलाड़ियों का तर्क है कि इसे ऐसे स्थान पर विकसित किया जाना चाहिए, जहां भविष्य में विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान और सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम का उद्देश्य ही खेल विकास से जुड़ा

खिलाड़ियों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में विशेष रूप से कहा गया है कि सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम का उद्देश्य जिले के खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों के विकास से जुड़ा रहा है। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए स्थायी खेल सुविधा को इसी परिसर अथवा उसके आसपास विकसित किया जाना अधिक उपयोगी एवं उद्देश्यपरक होगा।

खिलाड़ियों ने प्रशासन से सरदार पटेल मैदान में प्रस्तावित क्रिकेट बॉक्स के स्थल का पुनर्विचार करते हुए स्टेडियम परिसर, उसके आसपास उपलब्ध खाली स्थान अथवा इनडोर स्टेडियम के समीप संभावित स्थल का निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित विभाग और खेल अधिकारियों से तकनीकी परीक्षण कराकर खिलाड़ियों के लिए उपयुक्त स्थान पर निर्माण कराने का आग्रह किया गया है।

एक ही मांग—क्रिकेट बॉक्स बने, लेकिन मैदान बचा रहे

पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आई है कि क्रिकेट बॉक्स के निर्माण को लेकर विरोध नहीं, बल्कि निर्माण स्थल को लेकर आपत्ति है। अलग-अलग पक्षों से सौंपे गए ज्ञापनों में लगभग एक जैसी मांग की गई है कि बालोद में खेल सुविधाओं का विस्तार जरूरी है, लेकिन ऐसा करते समय शहर के पुराने सार्वजनिक मैदान का खुला स्वरूप और बहुउद्देशीय उपयोग प्रभावित नहीं होना चाहिए।

इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेसी पार्षद जिसमे कल्लू भैया,सुमित शर्मा,विनोद शर्मा,निर्देश पटेल, सतीश यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी,अधिवक्ता धीरज उपाध्याय, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, ने ज्ञापन सौंपा वही भाजपा पार्षद दीपक लोढ़ा, गोमती रात्रे,सुनील मनहर,श्यामा यादव,प्रीतम यादव,गोकुल ठाकुर,आशा पटेल, जबकि एल्डरमैन संतोष कौशिक, रवि प्रकाश पांडे, नितेश वर्मा, हितेश्वरी कौशिक, विनोद जैन आशुतोष कौशिक सहित तमाम लोगों ने इस क्रिकेट बॉक्स निर्माण के स्थल को परिवर्तन करने तथा इसके लिए सभी पार्षदों एल्डरमैन जनप्रतिनिधियों और खिलाड़ियों से समन्वय स्थापित कर निर्माण कराए जाने की मांग किए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!