कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत महतारी संवाद का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नीतीश मोंटी यादव ने महिलाओं से संवाद करते हुए शासन की ओर से संचालित महिला एवं बाल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में स्थानीय जनसहयोग के माध्यम से बच्चों के लिए न्योता भोज एवं खिलौना दान कराने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन को शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

महिलाओं ने खेलकूद में लिया हिस्सा
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके अलावा स्वस्थ शिशु एवं सुपोषित माता को भी पुरस्कृत किया गया।

‘घर-घर मूंगा, हर घर मूंगा’ का संदेश
कार्यक्रम के दौरान ‘घर-घर मूंगा, हर घर मूंगा’ अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में मूंगा पौधे का रोपण किया गया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय स्तर पर पौधरोपण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को न्योता भोज कराया गया। उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों ने भी सामूहिक भोजन किया। आयोजकों ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।













