बालोद। अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के खिलाफ गुण्डरदेही पुलिस ने 12 अगस्त को एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने जुआ एवं सट्टा फड़ से ₹4,640 नगद, 52 पत्ती ताश, सट्टा-पट्टी और डॉटपेन बरामद कर जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुण्डरदेही राजेश बागड़े के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
खप्परवाड़ा में ताश के पत्तों पर दांव, 6 जुआरी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार 12 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खप्परवाड़ा तालाब पार आम जगह पर कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर ‘काट पत्ती’ जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से छह जुआरियों को पकड़ लिया। उनके कब्जे एवं जुआ फड़ से ₹1,900 नगद और 52 पत्ती ताश बरामद कर जब्त की गई। मामले में धारा 3(2), छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में सूर्यकांत साहू निवासी डौकीडीह, पितांबर देशमुख, हरीश देशमुख, अजय चंद्राकर, महेन्द्र चंद्राकर एवं किशन दाऊ विश्वकर्मा, सभी निवासी खप्परवाड़ा, शामिल हैं।
बस स्टैंड और हाईस्कूल के पास सट्टा फड़ पर दबिश
इसी दिन पुलिस को सूचना मिली कि चंद्रिका कोसरिया बस स्टैंड गुण्डरदेही स्थित फल दुकान में तथा महेन्द्र कुमार सेन हाईस्कूल गुण्डरदेही के पास अंकों के सामने रुपये-पैसों का दांव लगवाकर अवैध रूप से सट्टा खिला रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई में चंद्रिका कोसरिया के कब्जे से ₹1,490 तथा महेन्द्र कुमार सेन के कब्जे से ₹1,250 नगद बरामद किए गए। दोनों के पास से सट्टा-पट्टी और डॉटपेन भी जब्त किए गए।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 6(क), छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई। चंद्रिका कोसरिया निवासी बस स्टैंड गुण्डरदेही तथा महेन्द्र कुमार सेन निवासी नदिया पारा गुण्डरदेही को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
जुआ-सट्टे के खिलाफ हुई दोनों कार्रवाइयों में निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, उपनिरीक्षक पुनउ राम साहू, सउनि. राघवेन्द्र सिंह, सउनि. अरविंद साहू, आरक्षक यशवंत देशमुख, आरक्षक झमेश सिन्हा एवं आरक्षक पंकज तारम की विशेष भूमिका रही।






