Skip to main content

प्रदेश रूचि

रायपुर रेल मंडल में यात्रियों को बड़ी सौगात: 89 नए प्लेटफॉर्म शेल्टर तैयार, कई स्टेशनों पर निर्माण जारी

रायपुर,। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशनों पर आधारभूत यात्री सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण एवं विस्तार तेजी से किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान धूप, वर्षा एवं अन्य प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों से राहत मिल सके और उन्हें सुरक्षित व सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो।


रायपुर रेल मंडल में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अब तक कुल 89 नए प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण किया जा चुका है। इनमें भिलाई पावर हाउस स्टेशन पर सर्वाधिक 17, मंदिर हसौद में 12, भिलाई नगर में 11, भाटापारा एवं तिल्दा-नेवरा में 8-8, सरोना में 7, निपनिया एवं हथबंद में 6-6, बिल्हा, बालोद एवं दल्लीराजहरा में 4-4 तथा मरौदा स्टेशन पर 2 प्लेटफॉर्म शेल्टर निर्मित किए गए हैं। इन शेल्टरों के निर्माण से संबंधित स्टेशनों पर यात्रियों को मौसम की मार से राहत मिलने के साथ-साथ यात्रा अनुभव भी अधिक सहज और सुविधाजनक होगा।


रेल मंडल केवल अमृत भारत स्टेशन योजना तक ही सीमित नहीं है, बल्कि योजना से बाहर के स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में देवबलोदा-चरौदा स्टेशन पर 3 प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि भैंसबोड़ में 1, सलाईटोला में 2, रिसामा में 2, गुंडरदेही में 2, लाटाबोर में 2, लखौली में 1 तथा राजिम में 1 प्लेटफॉर्म शेल्टर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।


रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण यात्री संख्या एवं आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। विशेष रूप से उन स्टेशनों पर कार्य में तेजी लाई गई है, जहां यात्रियों की आवाजाही अधिक है तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन पुनर्विकास कार्य चल रहे हैं। रायपुर रेल मंडल का लक्ष्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण से जुड़ी विकासात्मक एवं जनहितकारी परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जाता रहेगा, ताकि यात्रियों की रेल यात्रा अधिक सुरक्षित, आरामदायक और मंगलमय बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!