बालोद को जल्द मिल सकती है दो बड़ी सौगात, ऑडिटोरियम और रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को मिलेगी रफ्तार
बालोद। बालोद शहर की वर्षों से लंबित दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं—बहुप्रतीक्षित आधुनिक ऑडिटोरियम और रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी)—को जल्द गति मिलने की उम्मीद है। इन दोनों परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने रायपुर में लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बालोद शहर के लिए घोषित ऑडिटोरियम निर्माण को जल्द धरातल पर उतारने तथा रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए लंबित भू-अर्जन प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया गया। इस पर लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए और लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि ऑडिटोरियम और रेलवे ओवरब्रिज दोनों ही परियोजनाएं बालोद के समग्र विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण से जिले में सांस्कृतिक, सामाजिक, साहित्यिक और शैक्षणिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और क्षमता प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज बनने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा। वर्तमान में रेलवे फाटक बंद रहने के कारण लोगों को लंबे समय तक जाम और आवागमन की परेशानी का सामना करना पड़ता है। ओवरब्रिज के निर्माण से इस समस्या का स्थायी समाधान होगा तथा शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

यशवंत जैन ने लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के सकारात्मक रुख और त्वरित पहल के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार बालोद की इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होते ही दोनों परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
शहरवासियों को उम्मीद है कि इन लंबे समय से प्रतीक्षित विकास कार्यों के शुरू होने से बालोद के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और शहर विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा।




















