Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद: घर में घुसकर पिता पर जानलेवा हमला करने वाले 6 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, लाठी-डंडे और वाहन जब्त

 

बालोद। जिले के थाना देवरी अंतर्गत चौकी पिनकापार क्षेत्र के ग्राम संबलपुर (नाहंदा) में एक युवक के घर में घुसकर किए गए जानलेवा हमले के मामले का बालोद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने भिलाई और आसपास के क्षेत्रों में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे, लकड़ी का राफ्टर तथा घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने की।

देर रात घर में घुसकर किया था हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम संबलपुर निवासी गौकरण साहू अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात कुछ युवक घर में घुस आए और लाठी, बांस के डंडे तथा लकड़ी के राफ्टर से उनके सिर, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।

फॉरेंसिक, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल ने जुटाए अहम साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही थाना देवरी पुलिस, चौकी पिनकापार, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

जांच के दौरान घायल की 13 वर्षीय पुत्री से भी पूछताछ की गई। घटना के समय वह अपने पिता के पास सो रही थी। बच्ची ने बताया कि उसने एक व्यक्ति को घर के पीछे की ओर भागते देखा था, हालांकि कम उम्र के कारण वह उसकी स्पष्ट पहचान नहीं बता सकी।

तकनीकी जांच से खुला पूरा मामला

तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने विशेष जांच शुरू की। एक टीम को भिलाई-मरोदा रवाना किया गया, जबकि दूसरी टीम स्थानीय स्तर पर पतासाजी में जुटी रही। जांच के दौरान संदेही भानूप्रताप जैन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

डेढ़ साल पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह

पूछताछ में सामने आया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले भानूप्रताप जैन की गौकरण साहू की पुत्री से जान-पहचान थी। इस बात पर गौकरण साहू ने भानूप्रताप और उसके माता-पिता को घर बुलाकर फटकार लगाई थी। इसी घटना को लेकर भानूप्रताप मन में रंजिश पाल बैठा था। बाद में उसके माता-पिता उसे भिलाई के मरोदा स्थित ननिहाल भेज दिए थे, लेकिन उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बदला लेने की साजिश रची।

योजना बनाकर पहुंचे, सोते समय किया हमला

पुलिस के अनुसार 30 जून 2026 की रात भानूप्रताप अपने साथियों के साथ दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी से भिलाई से संबलपुर पहुंचा। योजना के तहत दो आरोपी घर के बाहर निगरानी करते रहे, जबकि चार आरोपी घर के भीतर घुस गए और सो रहे गौकरण साहू पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट की आवाज सुनकर उनकी पुत्री जाग गई, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

हथियार और वाहन बरामद, सभी आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे, लकड़ी का राफ्टर तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन बरामद कर लिए हैं।

मामले में थाना देवरी में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 332(2) एवं 191(3) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!