रानीमाई-हर्राठेमा जंगल घाटी में राहगीर से की थी 4 हजार रुपये की लूट, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुलझाया मामला
बालोद। बालोद पुलिस ने रानीमाई-हर्राठेमा जंगल घाटी में राहगीर को चाकू की नोक पर लूटने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, चाकू, तीन मोबाइल फोन तथा लूटी गई राशि में से 700 रुपये बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी धर्मेन्द्र कुमार उइके (30 वर्ष), निवासी ग्राम गोड़पाल ने 19 जून 2026 को थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 जून को वह अपने गांव से मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 VH 8995 से बीज खरीदने बालोद आए थे। उनके पास पर्स में 3 हजार रुपये तथा पैंट की जेब में 1 हजार रुपये सहित कुल 4 हजार रुपये थे।
बीज नहीं खरीद पाने के बाद दोपहर करीब 1 बजे वह वापस अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर लगभग 1:35 बजे रानीमाई-हर्राठेमा जंगल घाटी पहुंचने पर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 W 1779 से आए तीन युवकों ने बालोद जाने का रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। बातचीत के दौरान एक आरोपी ने उनके गले पर चाकू अड़ा दिया, दूसरे ने पसली में मुक्का मारकर मारपीट की और तीसरे ने उनके पर्स से 3 हजार रुपये निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी झलमला की ओर फरार हो गए।
प्रकरण में थाना बालोद में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तथा मोबाइल टावर डंप का तकनीकी विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान करते हुए लिपेन्द्र साहू, जतिन पटेल एवं गौरव यादव उर्फ टुक्कू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी लिपेन्द्र साहू के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एवं एक मोबाइल फोन, जतिन पटेल से वारदात में प्रयुक्त चाकू और एक मोबाइल तथा गौरव यादव उर्फ टुक्कू यादव से लूटी गई रकम में से 700 रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया। इसके बाद 28 जून 2026 को तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बालोद बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में थाना बालोद एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
चाकू की नोक पर लूट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बाइक, चाकू व मोबाइल जब्त




















