प्रदेश रूचि

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को बालोद बंद, 350 से अधिक मेडिकल स्टोर रहेंगे बंद

बालोद। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में अब ऑफलाइन दवा विक्रेताओं ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ सहित बालोद जिले में 20 मई को राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद का व्यापक असर देखने को मिलेगा। जिले के करीब साढ़े तीन सौ से अधिक मेडिकल स्टोर एक दिन के लिए बंद रहेंगे।
यह बंद ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर किया जा रहा है, जिसमें ऑनलाइन फार्मेसी के जरिए दवाइयों की बिक्री का विरोध मुख्य मुद्दा है। दवा व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बिना पर्याप्त निगरानी और नियमों के दवाइयों की बिक्री हो रही है, जिससे मरीजों की सेहत खतरे में पड़ सकती है। साथ ही स्थानीय मेडिकल स्टोर संचालकों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
बाइक रैली और धरना प्रदर्शन की तैयारी
बालोद जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रकांत साहू ने बताया कि 20 मई को जयस्तंभ चौक में दवा व्यापारी धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद शहर में बाइक रैली निकालकर प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण और स्पष्ट नियम लागू किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण व्यापारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
मरीजों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
दवा व्यापार बंद को देखते हुए प्रशासन ने जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था बनाए रखने का दावा किया है। जिला अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र 24 घंटे खुले रहेंगे, ताकि मरीजों को आवश्यक दवाइयां मिलती रहें।
इसके अलावा धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स भी इस बंद में शामिल नहीं होंगे और वहां से आम लोगों को दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!