
बैठक के दौरान बंगाल चुनाव में जीत और नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण को लेकर जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर पारंपरिक अंदाज में झालमुड़ी बांटी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री संध्या पारगनिहा ने कहा कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ताओं की एकजुटता में है। उन्होंने छोटे-बड़े सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर समयबद्ध और संगठित तरीके से काम करने पर जोर दिया।
जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि कार्यकर्ता पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं, लेकिन संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक नियमित बैठकें जरूरी हैं। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू ने कार्यकर्ताओं से लगातार सजग और सक्रिय रहने की अपील की।

प्रदेश लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर चलने वाला संगठन है और आने वाले समय में सभी को मिलकर काम करना होगा।
बैठक में प्रशिक्षण महाअभियान 2026 की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिला प्रशिक्षण प्रभारी शिरीष अग्रवाल ने बताया कि दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक और तकनीकी रूप से मजबूत किया जाएगा। इसमें विभिन्न सत्रों के जरिए विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली, सरकारी योजनाएं, सोशल मीडिया प्रबंधन, जनसंपर्क और चुनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भोजन, आवास, पंजीयन, अनुशासन, तकनीकी सहयोग और प्रचार-प्रसार सहित सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां तय करने पर भी सहमति बनी।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव ने किया। इस दौरान प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















