मिली जानकारी के अनुसार, 4 मई की रात करीब 7 बजे गणेश देवांगन (62) अपनी पत्नी कुमारी बाई के साथ घर में थे। इसी दौरान उनका बेटा प्रमोद देवांगन अचानक घर में घुसा और गाली-गलौच करते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि उसने पूजा कक्ष से लोहे की छुरी निकालकर माता-पिता पर हमला कर दिया।
हमले में कुमारी बाई के सिर और दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में गणेश देवांगन के हाथ में भी चोट लगी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शादी समारोह में हुए विवाद से नाराज था। उसे इस बात का गुस्सा था कि उसके पिता ने झगड़े में उसका साथ नहीं दिया। इसी गुस्से में उसने घर आकर यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की छुरी भी बरामद कर ली। मामले में गंभीर धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट भी जोड़ा गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
इस पूरे मामले में बालोद पुलिस की तत्परता सामने आई, जहां टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।




















