प्रदेश रूचि

रेलवे फाटक बंद होने से पहले निकलने की जल्दबाजी पड़ी भारी, पिकअप की टक्कर से गेट क्षतिग्रस्त, एक घंटे तक जाम

बालोद। बालोद-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक पर लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 JD 8125, जो बालोद शहर से राजनांदगांव की ओर जा रहा था, रेलवे फाटक बंद होने के दौरान गेट से टकरा गया।

बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पर ट्रेन आने की सूचना के बाद फाटक को बंद किया जा रहा था। इसी दौरान पिकअप चालक ने जल्दबाजी में फाटक बंद होने से पहले निकलने का प्रयास किया। लेकिन वाहन समय पर पार नहीं हो सका और सीधे फाटक के एक गेट से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि फाटक का गेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों के संयुक्त प्रयास से क्षतिग्रस्त फाटक को संभालते हुए यातायात को धीरे-धीरे सुचारू किया गया।

पुलिस ने पिकअप वाहन और चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में स्थानीय पुलिस एवं रेलवे पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही सामने आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!