प्रदेश रूचि

बालोद फिल्टर प्लांट में एलम की गुणवत्ता पर बवाल, विपक्ष-सत्ता पक्ष दोनों ने जताई नाराजगी

 

बालोद। नगर पालिका क्षेत्र के फिल्टर प्लांट में जल आपूर्ति की गुणवत्ता और शुद्धिकरण व्यवस्था को लेकर बुधवार को बड़ा मुद्दा सामने आया। पेयजल शुद्धिकरण में उपयोग किए जा रहे एलम (फिटकरी) की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस पार्षदों ने फिल्टर प्लांट पहुंचकर निरीक्षण किया और गंभीर आपत्ति दर्ज कराई।

निरीक्षण के दौरान पार्षदों ने पाया कि उपयोग में लाया जा रहा एलम बेहद निम्न गुणवत्ता का है, जिससे जल शुद्धिकरण प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका जताई गई। मामले पर तत्काल आपत्ति के बाद नया एलम मंगवाया गया, जिसकी गुणवत्ता पहले से बेहतर बताई गई। दोनों नमूनों में स्पष्ट अंतर देखे जाने के बाद पार्षदों ने गुणवत्ता में लापरवाही का आरोप लगाया।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि इस प्रकार की लापरवाही बरती जा रही है तो यह गंभीर विषय है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष कसमुद्दीन कुरैशी, विनोद बंटी शर्मा, रीता सोनी, सुमित शर्मा और सुनील मालेकर मौजूद रहे।

इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी भी भाजपा पार्षदों के साथ फिल्टर प्लांट पहुंचीं। उन्होंने एलम की गुणवत्ता को लेकर सप्लायर से फोन पर नाराजगी जताई और खराब सामग्री वापस कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

इस पूरे घटनाक्रम में खास बात यह रही कि एलम की गुणवत्ता को लेकर अब केवल विपक्ष ही नहीं, बल्कि सत्ता पक्ष से जुड़े अध्यक्ष और पार्षद भी एकजुट नजर आए। इससे साफ है कि पेयजल गुणवत्ता का मुद्दा अब शहर की राजनीति के केंद्र में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!