बालोद। सोशल मीडिया पर Bhupesh Baghel से जुड़ा एक कथित एआई जनरेटेड वीडियो वायरल होने के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। मामले को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर प्रसारित आपत्तिजनक, भ्रामक और कथित रूप से जनरेटेड वीडियो की जांच कराने, संबंधित लोगों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी करने तथा संबंधित इंस्टाग्राम आईडी को तत्काल बैन करने की मांग की। ज्ञापन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर को सौंपा गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वायरल वीडियो से पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel के सार्वजनिक जीवन की मर्यादा को ठेस पहुंची है। पार्टी ने इसे ओछी और असंवैधानिक राजनीति बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग कर किसी जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस घटना से पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजनता में भारी आक्रोश है तथा यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगे बड़ा आंदोलन किया जा सकता है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के उपाध्यक्ष रामजी भाई पटेल, संजय बारले, महामंत्री भोजराज साहू, शम्भू साहू, सतीश यादव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रत्तीराम कोसमा, अंचल प्रकाश साहू, नरेंद्र सिन्हा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा, नेता प्रतिपक्ष कासिमुद्दीन कुरैशी, पार्षद विनोद बंटी शर्मा, सुमित शर्मा, अनिल यादव, कमलेश श्रीवास्तव, रोहित सागर, भूपेश नायक, कमल टुवानी, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत बोकड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।




















