बालोद। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को नए बस स्टैंड स्थित नईदुनिया कार्यालय परिसर में नि:शुल्क प्याऊ सेवा का शुभारंभ किया गया। इस पहल से प्रतिदिन बस स्टैंड पहुंचने वाले यात्रियों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

प्याऊ सेवा का शुभारंभ डीएफओ अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी तथा अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने फीता काटकर किया। अतिथियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में सार्वजनिक स्थान पर पेयजल उपलब्ध कराना सराहनीय सामाजिक कार्य है, जिससे राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी।

नईदुनिया के जिला ब्यूरो चीफ रवि भूतड़ा ने कहा कि समाज और आमजन के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए गर्मी के पूरे मौसम में प्याऊ के माध्यम से लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसेवा से जुड़ी ऐसी पहल आगे भी जारी रहेगी।
कोटना वितरण अभियान को मिला विशेष महत्व
कार्यक्रम के दौरान गौ सम्मान आह्वान अभियान और जिला प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में मवेशियों के लिए कोटना वितरण अभियान की भी शुरुआत की गई, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। अतिथियों ने कोटना वितरण कर अभियान का शुभारंभ किया।

अभियान से जुड़े नरेंद्र जोशी ने बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और उन क्षेत्रों में कोटना रखे जाएंगे जहां मवेशियों का अधिक विचरण होता है, ताकि उन्हें चारा-पानी की सुविधा मिल सके।
जिला प्रेस क्लब बालोद के अध्यक्ष संतोष साहू ने नागरिकों से इस अभियान में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि मानव सेवा के साथ पशु सेवा भी समाज की बड़ी जिम्मेदारी है।
लोगों ने की सराहना
प्याऊ सेवा और कोटना वितरण जैसी दोहरी जनसेवा पहल को लेकर स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और यात्रियों में उत्साह देखा गया। लोगों ने इसे गर्मी के मौसम में राहत पहुंचाने वाला सराहनीय प्रयास बताया।




















