प्रदेश रूचि

बालोद में गूंजा गौ सम्मान दिवस: बाइक रैली, पूजन और ज्ञापन के जरिए उठी राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग

बालोद। देशव्यापी ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत रविवार 27 अप्रैल को बालोद जिला मुख्यालय में बड़ी संख्या में गौ सेवक, गौ रक्षक, गौ पालक, समाजसेवी, महिला शक्ति, युवा वर्ग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग एकत्रित हुए। कचहरी चौक स्थित अटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने और गोवंश संरक्षण के लिए कड़े कानून बनाने की मांग उठाई गई।

 

सुबह से ही उत्साहपूर्ण माहौल के बीच गौ भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। अभियान के तहत सबसे पहले युवाओं ने शहर में बाइक रैली निकाली। रैली के दौरान “गौ माता की जय”, “गौ माता का सम्मान मांग रहा है हिंदुस्तान”, “गौ हत्या बंद करो”, “गौ माता को सम्मान दो” जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

रैली के बाद अटल परिसर में वैदिक रीति से गौ पूजन किया गया। सुरभि गौ माता को चुनरी ओढ़ाकर, दाना खिलाकर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।

इसके बाद अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने, गौ हत्या पर पूर्ण रोक लगाने तथा गोवंश की सेवा, सुरक्षा, संरक्षण और संवर्धन के लिए सख्त कानून लागू करने की मांग की गई।

तहसीलदार ने भी जनभावना का सम्मान करते हुए कार्यालय परिसर में बाहर आकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में ज्ञापन स्वीकार किया।

कार्यक्रम के अंत में जिला अभियान समिति ने सभी सनातन समाज, गौ भक्तों, गौ पालकों, महिला शक्ति, युवाओं और सामाजिक संगठनों का आभार जताते हुए सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!