प्रदेश रूचि

क्रेडा में बड़ी कार्रवाई, लापरवाही पर उप अभियंता बर्खास्त… पूर्व कलेक्टर राजेश राणा के बालोद दौरे से रोशन नगर में उमड़ा जनसैलाब

 

बालोद। छत्तीसगढ़ क्रेडा विभाग में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संचालक एवं सीईओ राजेश सिंह राणा ने बालोद जिले में पदस्थ उप अभियंता कमल देवांगन को संचालन-संधारण कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। यह कार्रवाई गुरुर ब्लॉक के राजाराव पठार और सोहतरा क्षेत्र में स्थापित सोलर पंपों में लीकेज, खराब रख-रखाव और ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद की गई।

जानकारी के अनुसार, क्रेडा सीईओ राजेश राणा अपने बालोद प्रवास के दौरान कनेरी, तार्री, सोहतरा और राजाराव पठार में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर तकनीकी खामियां और रखरखाव में गंभीर लापरवाही सामने आई, जिसके बाद उन्होंने मौके पर ही सख्त रुख अपनाते हुए उप अभियंता पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

पूर्व कलेक्टर के स्वागत में उमड़ा रोशन नगर

वहीं, बालोद के पूर्व कलेक्टर रह चुके राजेश सिंह राणा के शहर आगमन पर रोशन नगर में भावनात्मक माहौल देखने को मिला। वर्षों बाद अपने बीच पहुंचे पूर्व कलेक्टर से मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और उनका आत्मीय स्वागत किया।

लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह पहुंचने के बाद राजेश राणा सीधे रोशन नगर पहुंचे, जहां नागरिकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व जब वे बालोद कलेक्टर थे, तब रोशन नगर विकास की दृष्टि से पिछड़ा इलाका था, लेकिन उनके कार्यकाल में यहां कई बुनियादी सुविधाएं विकसित हुईं, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदली।

हाई मास्क लाइट की मांग पर तत्काल स्वीकृति

पूर्व पार्षद संतोष कौशिक के नेतृत्व में वार्डवासियों ने रोशन नगर में हाई मास्क लाइट लगाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। मांग को गंभीरता से लेते हुए राजेश राणा ने तत्काल स्वीकृति प्रदान कर दी, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

नगर पालिका पदाधिकारियों ने किया सम्मान

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा संतोष चौधरी एवं उपाध्यक्ष कमलेश सोनी ने भी श्री राणा का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!