Skip to main content

प्रदेश रूचि

पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी, अरौद कृषि विज्ञान केंद्र में जिला स्तरीय कार्यक्रम — तारिणी चंद्राकर बोलीं, “हर किसान तक योजना का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता”

बालोद। कृषि विज्ञान केंद्र अरौद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी होने के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। वर्चुअल माध्यम से देशभर के करोड़ों किसानों के साथ बालोद जिले के लाभार्थियों के खातों में भी किस्त की राशि हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलन के साथ की। इस मौके पर तेजराम साहू, लक्ष्मी अशोक साहू, कांति सोनेश्वरी, भगवती उईके, ओमप्रकाश भू आर्य, उपसंचालक कृषि विभाग आशीष चंद्राकर, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक के.आर. साहू और दीपशिखा चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील किसानों को कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न योजनाओं व तकनीकी नवाचारों की जानकारी दी गई।


जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अन्नदाताओं की मेहनत और योगदान का सम्मान भी है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत का प्रयास है कि शासन की हर योजना का लाभ अंतिम छोर तक बैठे किसान तक पहुंचे। उन्होंने किसानों से अपील की कि इस राशि का उपयोग उन्नत बीज, आधुनिक उपकरण और नई तकनीकों को अपनाने में करें, जिससे उत्पादन और आय दोनों बढ़ सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की समृद्धि ही जिले और प्रदेश के विकास की मजबूत नींव है, इसलिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष फोकस किया जा रहा है।


इस दौरान जिला पंचायत सभापति तेजराम साहू ने कहा कि खेती जिले की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और तकनीक के साथ सरकारी सहायता मिलने से ग्रामीण क्षेत्र की तस्वीर तेजी से बदल रही है। वहीं उपसंचालक कृषि आशीष चंद्राकर ने बताया कि विभाग यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि कोई भी पात्र किसान ई-केवाईसी या तकनीकी कारणों से योजना के लाभ से वंचित न रहे।

कार्यक्रम के अंत में किसानों ने योजना से मिल रही मदद पर संतोष जताते हुए खेती को और बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!