प्रदेश रूचि

एआई समिट विवाद पर बालोद में सियासत गरम, भाजपा किसान मोर्चा ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया

बालोद। एआई समिट को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर छिड़े राजनीतिक विवाद की गूंज सोमवार को बालोद में भी सुनाई दी। जय स्तंभ चौक पर भाजपा किसान मोर्चा के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता Rahul Gandhi का पुतला दहन किया।


भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख और किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र देशमुख के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर देश की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर की गई हर गतिविधि देश की प्रतिष्ठा से जुड़ी होती है और विपक्ष को राजनीतिक असहमति को राष्ट्रहित से ऊपर नहीं रखना चाहिए।


प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा पदाधिकारियों का कहना था कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर नई पहचान बना रहा है, ऐसे समय में किसी भी प्रकार की “अवांछित हरकत” देशहित के विपरीत है।

कार्यक्रम में पार्टी, किसान मोर्चा और युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन एआई समिट को लेकर सियासी बयानबाजी ने स्थानीय राजनीति का तापमान जरूर बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!