कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8:58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा। ठीक 9 बजे ध्वजारोहण, गार्ड ऑफ ऑनर और राष्ट्रगान के साथ समारोह की शुरुआत होगी। इसके बाद 9:10 बजे परेड निरीक्षण, 9:20 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। 9:35 बजे हर्ष फायर, 9:40 बजे गुब्बारा उड़ान और 9:45 बजे मार्चपास्ट का आयोजन होगा।

समारोह के दौरान परेड एवं प्लाटून कमांडरों से परिचय, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से भेंट और शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। सुबह 10 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी, जबकि 10:30 बजे जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। 11:10 बजे राष्ट्रीय धुन और 11:11 बजे उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

इधर, गणतंत्र दिवस समारोह को सफल और अनुशासित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए शनिवार को स्टेडियम में अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में यह अभ्यास सम्पन्न हुआ। रिहर्सल में प्रशासनिक, पुलिस और अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर राष्ट्रीय पर्व के इस गरिमामय समारोह का हिस्सा बनें और आयोजन की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करें।




















