प्रदेश रूचि

“बालोद में भाजपा का चुनावी रोडमैप तैयार, प्रभारियों के पहले दौरे में बूथ-फोकस, जातिगत रणनीति और 2028 जीत का लक्ष्य”

बालोद।भारतीय जनता पार्टी के नव-नियुक्त जिला प्रभारी एवं विधानसभा प्रभारियों का सोमवार को बालोद जिले में प्रथम आगमन हुआ। इस अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय में उनका भव्य स्वागत किया गया तथा नियुक्ति के पश्चात संयुक्त परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर गंभीर एवं सार्थक चर्चा हुई।

कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती, जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्रों पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव ने किया। जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, जिला प्रभारी संध्या परधनिया, बालोद विधानसभा प्रभारी दीपक म्हस्के तथा डौंडीलोहारा विधानसभा प्रभारी चंदूलाल साहू का भाजपा दुपट्टा एवं फूलमालाओं से आत्मीय स्वागत किया।

प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने सभी प्रभारियों का राजनीतिक परिचय कराते हुए कहा कि ये सभी नेता संघर्ष और मेहनत के बल पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इनके अनुभव और कार्यशैली से प्रेरणा लेकर संगठन को और मजबूत करें। जैन ने कहा कि शून्य से शुरुआत कर पार्टी और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ना ही भाजपा की पहचान है।

बैठक में बालोद विधानसभा प्रभारी दीपक म्हस्के ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि चुनाव लोकप्रियता से नहीं, बल्कि बूथ स्तर की सक्रियता, अनुशासित मैनेजमेंट और स्पष्ट रणनीति से जीते जाते हैं। उन्होंने जातिगत समीकरणों के विश्लेषण, बूथ फोकस और जमीनी तैयारी को समय रहते मजबूत करने की आवश्यकता बताई।

जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री संध्या परधनिया ने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जैसे घर बनाने में समय और ठोस नींव की जरूरत होती है, वैसे ही चुनावी सफलता के लिए निरंतर मेहनत जरूरी है। उन्होंने 2028 के तीनों विधानसभा चुनाव जीतने को लक्ष्य बताते हुए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिला मोर्चा की सक्रिय बैठकों तथा कार्य विभाजन पर विशेष बल दिया।

डौंडीलोहारा विधानसभा प्रभारी एवं पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद बालोद जिले की तीनों विधानसभा सीटें पार्टी के लिए चुनौती बनी हुई हैं। उन्होंने पिछली चुनावी चूकों पर आत्ममंथन करते हुए बूथ स्तर को मजबूत करने और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ सुधार की दिशा में कार्य करने की बात कही।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने जिले की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक ढांचे और बूथवार आंकड़ों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने जिले में पार्टी की मजबूती और आगामी रणनीतियों को लेकर नेतृत्व को अवगत कराया।

बैठक में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, राज्य वनोपज उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, अभिषेक शुक्ला, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी सहित जिले के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

यह बैठक संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ ही 2028 के विधानसभा चुनावों के लिए ठोस रणनीति और स्पष्ट दिशा तय करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!