प्रदेश रूचि

25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग समापन — बस्तर संभाग रहा अव्वल, दुर्ग दूसरे और रायपुर तीसरे स्थान पर

बालोद। जिला मुख्यालय बालोद में 8 से 11 नवंबर तक चली चार दिवसीय 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य समापन सोमवार को स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में हुआ। समापन समारोह में खिलाड़ियों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मार्चपास्ट से पूरे मैदान को रोमांचित कर दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि कांकेर सांसद भोजराज नाग थे, जबकि अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर ने की। मंच पर लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव, जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी और डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद भोजराज नाग ने कहा कि खेलकूद से अनुशासन, भाईचारा और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण सीख और अनुभव होता है। बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद के लिए भी समय निकालना चाहिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी चंद्राकर ने कहा कि बालोद में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिले की समृद्ध खेल संस्कृति और खेलों के प्रति लोगों के जुनून को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से नवोदित खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होगा।

राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। आज खेलों में भी करियर की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने बालोद की उभरती खेल प्रतिभाओं का विशेष रूप से उल्लेख किया।

कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने किया।

बस्तर संभाग ने जीता खिताब

चार दिवसीय प्रतियोगिता में फुटबॉल, खो-खो और नेटबॉल मुकाबले हुए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बस्तर संभाग ने 36 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दुर्ग संभाग को 26 अंकों के साथ दूसरा और रायपुर संभाग को 23 अंकों के साथ तीसरा स्थान मिला।

प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों जोन से कुल 420 खिलाड़ी और 100 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। आयोजन में 19 वर्ष आयु वर्ग के नेटबॉल और 14 वर्ष आयु वर्ग के फुटबॉल व खो-खो मुकाबले खेले गए। खेल आयोजन सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम, शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त महाविद्यालय और संस्कार शाला मैदान में संपन्न हुए।

समापन अवसर पर खिलाड़ियों को प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर सहायक जिला खेल अधिकारी किशोर मेहरा, सभी जोनों के दलप्रबंधक, कोच, व्यायाम शिक्षक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!