दल्लीराजहरा। ग्राम पंचायत भर्रीटोला के आश्रित गांव जुनवानी के ग्रामीणों को अब राशन लेने के लिए चार किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। बुधवार को यहां शासकीय उचित मूल्य की दुकान का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मिथिलेश नूरेटी, जिला पंचायत सदस्य नीलिमा श्याम, पूर्व जनपद सदस्य संजय बैंस और जनपद सदस्य आशा आर्य विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के छाया चित्र पर पूजा-अर्चना से हुई। सरपंच राजकुमारी देहरी ने कहा कि आज का दिन गांव के लिए ऐतिहासिक है — क्योंकि अब ग्रामीणों को राशन के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि गांव के लोगों की यह वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हुई है।

जनपद सदस्य आशा आर्य ने बताया, “जब मैं चुनाव लड़ी, तब गांववालों ने मुझसे एक ही वादा लिया था — कि हमारे गांव में राशन दुकान खुलनी चाहिए। यह सपना मेरे मार्गदर्शक भैया संजय बैंस के सहयोग से साकार हुआ।”
जिला पंचायत सदस्य नीलिमा श्याम ने संजय बैंस के प्रति आभार जताते हुए कहा, “हमारे क्षेत्र में ‘संजय है तो मुमकिन है’ की बात सच साबित हो रही है। उनके प्रयास से आज जुनवानी को यह बड़ी सौगात मिली है।”
मुख्य अतिथि तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने इस अवसर पर कहा, “आप सभी को इस उपलब्धि की हार्दिक बधाई। अब राशन आपकी ही बस्ती में उपलब्ध होगा, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होगी। शासन सेवा पखवाड़ा के तहत आमजनों तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए संकल्पित है, और यह पहल उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।” उन्होंने संजय बैंस की प्रशंसा करते हुए कहा कि “संजय जैसे जनसेवक ही जनहित के कार्यों को साकार करते हैं। क्षेत्र की हर जरूरत पर उनका ध्यान रहता है।”

संजय बैंस ने कहा, “हमारा यह क्षेत्र अभी विकास की राह पर है। प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुशासन सरकार के नेतृत्व में हम सभी मिलकर इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। जुनवानी में खुली यह दुकान सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि हमारे संकल्प की मिसाल है — कि जनता की बुनियादी जरूरतें उनके ही गांव में पूरी हों।”
कार्यक्रम का संचालन संजय खरे ने किया और आभार प्रदर्शन सचिव किसुन परेल ने किया। इस अवसर पर उप सरपंच नूतन कुमार कोठारी, युवा नेता पोषण धनकर, थानी बाई नायक, मदन लाल रावटे, लक्ष्मी बाई, मोनिका खरे, सालिक राम कुलार्य, हरिश्चंद नायक सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने साबित कर दिया कि जब जनप्रतिनिधि संकल्प लें और जनता सहयोग करे, तो गांव में भी विकास की नई कहानी लिखी जा सकती है।




















