प्रदेश रूचि

बालोद में शिक्षा मंत्री का ऐलान – कक्षा 1 से 8 तक होगी अनिवार्य परीक्षा, ऑनलाइन सेटेलाइट से जुड़ेगा हर स्कूल

बालोद में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव का दौरा, गुरुर में नवीन स्कूल भवन का लोकार्पण

बालोद। छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मंगलवार को बालोद जिले के दौरे पर रहे। मंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत गुरुर से की, जहां उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के नवीन भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में प्रार्थना सभा डोम और साइकिल स्टैंड शेड निर्माण की घोषणा भी की। इस दौरान कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग, विधायक संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा,जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, तोमन साहू, मुकेश कौड़ो,भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख, पूर्व विधायक प्रीतम साहू,पूर्व नपाध्यक्ष राकेश यादव, पुष्पेंद्र चंद्राकर, तेज राम साहू, ईशा प्रकाश साहू, लखन गुरुपंच,सहित जिले के तमाम अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

गुरुर ब्लॉक के कर्रेझर में आयोजित महतारी सदन के वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम में भी शिक्षा मंत्री शामिल हुए। इस दौरान कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग ने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर महिला समूहों को महतारी सदन समर्पित किया जाना समाज और देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश को विश्वगुरु बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं और इसमें महिलाओं की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

अपने संबोधन में मंत्री यादव ने पिछली कांग्रेस सरकार की शिक्षा नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस दौरान शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गई थी। उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार कक्षा पहली से आठवीं तक परीक्षा को अनिवार्य बना रही है, जिससे बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत होगी। साथ ही गुजरात मॉडल की तर्ज पर छत्तीसगढ़ के सभी स्कूलों को ऑनलाइन सैटेलाइट माध्यम से जोड़ा जाएगा, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।

बालोद दौरे के दौरान मंत्री यादव विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में भी शामिल हुए। उनके इस दौरे से जिले में शिक्षा को लेकर नई उम्मीदें बंधी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!