बालोद।गुण्डरदेही में शनिवार को “नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म्स” विषय पर एक महत्वपूर्ण सम्मेलन आयोजित किया गया। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं जीएसटी रिफॉर्म्स के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे और भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने केंद्र सरकार के आर्थिक सुधारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया।
“जीएसटी केवल कर प्रणाली नहीं, ऐतिहासिक सुधार है”
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता यशवंत जैन ने कहा कि जीएसटी केवल एक कर प्रणाली नहीं, बल्कि “एक राष्ट्र, एक कर” की संकल्पना को साकार करने वाला ऐतिहासिक सुधार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस व्यवस्था से छोटे एवं मझोले व्यापारियों को बड़ा लाभ मिला है और केंद्र सरकार इसे लगातार सरल व प्रभावी बनाने के लिए प्रयासरत है।

“सुधार पारदर्शिता व सुशासन का प्रमाण”
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे ने कहा कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं और जीएसटी जैसे सुधार पारदर्शिता व सुशासन का प्रमाण हैं। उन्होंने बताया कि ये पहलें न केवल आर्थिक विकास को गति देती हैं, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करती हैं, जिससे देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।

“अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना लक्ष्य”
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद स्वागत भाषण में भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि जीएसटी सुधारों का लाभ व्यापार, कृषि एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल योजनाओं को लागू करना नहीं, बल्कि उनके लाभ को जमीनी स्तर तक पहुँचाना है।”
इस अवसर पर अधिवक्ता महेंद्र जायसवाल ने किसानों और बीमा क्षेत्र में जीएसटी के लाभों पर चर्चा की, विशेष रूप से कृषि मशीनरी पर करों में कटौती से किसानों की लागत में आई कमी का उल्लेख किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षकों, पत्रकारों, राइस मिलर्स और व्यापारियों को शॉल व श्रीफल देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन थान सिंह मंडावी एवं थानमल जैन ने किया तथा आभार प्रदर्शन पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र चंद्राकर ने किया।
समारोह में रहे उपस्थित
इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद मोहन मंडावी, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, राजेंद्र राय, पूर्व जिलाध्यक्ष लेखराम साहू, जिला उपाध्यक्ष ठाकुर राम चंद्राकर, प्रमोद जैन, टिनेश्वर बघेल, कौशल साहू, पवन सोनबरसा, हरीश कटझरे, अश्विनी यादव, पुष्पेंद्र चंद्राकर, सरस्वती टेमरिया, थानमल जैन, सुरेश सोनी, केशव साहू, कमल पनपालिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, व्यापारी, युवा मोर्चा के सदस्य और गणमान्य नागरिक शामिल रहे।




















