जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने दी शुभकामनाएं
बालोद।श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना के तहत बालोद जिले से 77 श्रद्धालु आज अयोध्या के लिए रवाना हुए। रवाना करने का कार्यक्रम ग्राम झलमला स्थित समाज कल्याण विभाग के कार्यालय परिसर से हुआ। श्रद्धालु यहां से बस द्वारा राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहाँ से वे विशेष रेल से अयोध्या जाएंगे।

जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा –
“यह योजना हर उस परिवार के लिए सौभाग्य की बात है जिनकी वर्षों से इच्छा थी कि अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करें। सरकार ने उन्हें यह अवसर दिया है, इसके लिए सभी श्रद्धालु बेहद आभारी हैं। मुझे खुशी है कि बालोद से भी श्रद्धालु इस ऐतिहासिक धाम की यात्रा पर जा रहे हैं। मैं सभी के लिए मंगलकामनाएं करती हूँ कि उनकी यात्रा सुखद और अविस्मरणीय रहे।”

श्रद्धालुओं ने भी योजना की तारीफ करते हुए कहा कि वे वर्षों से अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन का सपना देख रहे थे, जो अब पूरा होने जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र चंद्राकर, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक अजय गेडाम और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




















