रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजनीति में शराब घोटाले को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने राजधानी रायपुर की लालपुर शराब दुकान में पकड़ी गई मिलावटी शराब के मामले में दो महीने बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया है।
धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि 29 मई को लालपुर स्थित सरकारी दुकान में बिना होलोग्राम के 34 पेटी गोवा स्पेशल मदिरा पकड़ी गई थी, जिसकी जांच में शराब मिलावटी पाई गई और लगभग 15 लाख रुपये की अनियमितता उजागर हुई थी। इस मामले में दुकान का संचालन कर रही कंपनी मेसर्स बॉम्बे इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी (इंडिया) लिमिटेड के सुपरवाइजर और सेल्समैन को तो गिरफ्तार किया गया, लेकिन मुख्य कंपनी को अभी तक ब्लैकलिस्ट नहीं किया गया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जिस आबकारी अधिकारी की निगरानी में यह दुकान संचालित हो रही थी, उस पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई? ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा, “यह सिर्फ दाल में काला नहीं, बल्कि पूरी दाल ही काली है।”
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार बनने के बाद से छत्तीसगढ़ में शराब तस्करी, नकली शराब और बिना होलोग्राम के शराब की बिक्री की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार के संरक्षण में बड़े पैमाने पर शराब का अवैध कारोबार चल रहा है, जिसमें भाजपा के कुछ बड़े नेताओं की भूमिका संदिग्ध है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि “राजनांदगांव में सरकारी दुकानों से शराब कोचियों को कमीशन पर बेची जा रही है, जबकि रायपुर में ब्रांडेड कंपनियों की नकली शराब पकड़ी गई है। यह पूरे प्रदेश में चल रहे शराब के गोरखधंधे की बानगी है।”
धनंजय सिंह ठाकुर ने मांग की है कि लालपुर दुकान से जुड़ी कंपनी को तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाए, दोषी आबकारी अधिकारी पर कार्रवाई हो और प्रदेश भर में चल रही कोचियांगिरी पर सख्त रोक लगाई जाए।




















