रायपुर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में आज आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 23.59 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 483.85 करोड़ रूपए डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत के किसानों को विभिन्न कृषि उत्पादों का उत्पादन करना चाहिए। दुनिया के सभी घरों के डायनिंग टेबल पर भारतीय खाद्यान्न का कोई न कोई खाद्यान्न उत्पाद होना चाहिए, तभी इस देश के किसान को उन्नत किसान कहा जा सकेगा।

वर्चुअल कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कृषि निर्यात में और वृद्धि हो ऐसे कदम भविष्य में उठाये जाएंगे। किसानों को प्राकृतिक खेती हेतु आगे कदम बढ़ाना चाहिए। किसानों के सम्मान बढ़ाने और आय को दोगुनी करने के लिए सरकार निरंतर सकारात्मक प्रयास कर रही है। किसान, मजदूर, नारी-शक्ति और गरीब भारत के मजबूत आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि खेती को नई दिशा देने में महिलाओं की भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। कृषि सखी के रूप में खेती को एक नई ताकत देने के लिए पूरे देश के महिला समूहों को इससे जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश के 3 करोड़ से अधिक परिवारों को नए आवास स्वीकृत किए गए है। आने वाले दिनों में इन परिवारों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। इसी तरह ‘नमो ड्रोन दीदी योजना‘ के तहत देश के 3 करोड़ महिलाओं को करोड़पति दीदी बनाने की पहल शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आज 17वीं किश्त जारी की। इस योजना के तहत देश के 9 करोड़ 26 लाख से अधिक लाभार्थी किसानों को 20 हजार करोड़ रुपए सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई।
राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा कृषि और किसानों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। प्रदेश में अब किसान जैविक खेती की ओर बढ़ रहे हैं। जैविक खेती से न केवल स्वास्थ्य में सुधार होगा अपितु खेतों की मिट्टी की उर्वरा शक्ति में वृद्धि होगी। किसानों को अब सिर्फ धान की फसल ही नहीं अपितु वर्ष भर आय देने वाली फसल दलहन, तिलहन, फल-फूल, हार्टीकल्चर, पशुपालन, मत्स्य पालन आदि का भी फसल लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोटे अनाज और औषधि फसल को भी व्यापक रूप में बढ़ावा देना चाहिए।

बालोद जिले के 01 लाख 22 हजार 289 किसानों के खातों में 24 करोड़ 66 लाख रुपये की राशि अंतरित
आज उत्तरप्रदेश राज्य के वाराणसी शहर में आयोजित समारोह के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देश के किसानों के खाते में 17वीं किस्त की राशि का अंतरण किया गया। इसके अंतर्गत आज बालोद जिले के 01 लाख 22 हजार 289 किसानों के खातों में 24 करोड़ 66 लाख रुपये की राशि का अंतरण किया गया। उल्लेखनीय है कि जिले के बालोद विकासखण्ड के ग्राम अरौद स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में जिला स्तरीय प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के राशि अंतरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पवन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लागू कर देश के अन्नदाता किसानों के मेहनत का सम्मान करने का कार्य किया है। उन्होंने इस योजना को अत्यंत महत्वकांक्षी एवं किसानों के लिए मददगार बताते हुए इस योजना की भूरी-भूरी सराहना की है।

इस अवसर पर कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने जिले के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत उनके खाते में आज राशि अंतरित होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने इस योजना की सराहना करते हुए इस योजना को किसान हितैषी योजना बताया। चन्द्रवाल ने कहा कि यह हमारे जिले के लिए हर्ष का विषय है कि इस योजना के अंतर्गत किसानों के खाते में राशि अंतरण में पूरे प्रदेश में हमारा जिला दूसरे स्थान पर है। इस अवसर पर उन्होंने जिले के किसानों को धान के बदले दलहन एवं तिलहन फसल लेेने की भी अपील की। कार्यक्रम स्थल में अतिथियों के द्वारा कृषि विभाग द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर ड्रोन के माध्यम से खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाइयों के छिड़काव का प्रदर्शन भी किया गया। इस योजना के अंतर्गत आज अपने खाते में राशि अंतरित होने से जिले के ग्राम खैरवाही के कृषक गोवर्धन मण्डावी, ग्राम बिरेतरा के कृषक केशवराम सिन्हा एवं अरूण कुमार बहुत ही प्रसन्नचित नजर आ रहे थे। उन्होंने इस योजना को अपने लिए अत्यंत मददगार बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस योजना को लागू कर हमारे जैसे देश के लाखों, अन्नदाता किसानों के मेहनत का सम्मान करने का कार्य किया है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष पवन साहू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश यादव, जिला पंचायत कृषि स्थाई समिति के सभापति ललिता पिमन, जनपद पंचायत बालोद के अध्यक्ष प्रेमलता साहू, जिला पंचायत सदस्य कृतिका साहू एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, एसडीएम शीतल बंसल एवं उप संचालक कृषि जीएस धुर्वे सहित अन्य अधिकारियांे के अलावा बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित थे।




















