Skip to main content

प्रदेश रूचि

बालोद – पाररास रेल्वे फाटक इस दिन से तीन रात रहेगा बंद, बालोद-राजनांदगांव मार्ग पर यातायात हो सकता है प्रभावित?

बालोद। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा बालोद-कुसुमकसा स्टेशन के बीच स्थित समपार फाटक क्रमांक DD-50, किलोमीटर 929/13-14 (पाररास फाटक) पर रेलवे ट्रैक की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। मरम्मत कार्य के चलते पाररास फाटक से होकर बालोद-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही निर्धारित समयावधि में पूरी तरह बंद रहेगी। रेलवे ने वाहन चालकों और आम लोगों से असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

रेलवे के वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ), बालोद द्वारा पुलिस अधीक्षक बालोद को भेजे गए पत्र के अनुसार, पाररास समपार फाटक पर रेलवे ट्रैक की आंशिक एवं पूर्ण मरम्मत का कार्य तीन चरणों में किया जाएगा। पहला चरण 24 अगस्त की रात 8 बजे से 25 अगस्त की सुबह 8 बजे तक, दूसरा चरण 25 अगस्त की रात 10 बजे से 26 अगस्त की सुबह 7 बजे तक तथा तीसरा चरण 26 अगस्त की रात 10 बजे से 27 अगस्त की सुबह 8 बजे तक चलेगा।

इन तीनों चरणों के दौरान पाररास फाटक से सड़क यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में बालोद-राजनांदगांव मार्ग पर आवागमन करने वाले वाहन चालकों को निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा। रेलवे ने लोगों से पाररास फाटक के स्थान पर पाररास अंडरब्रिज एवं बाईपास मार्ग का उपयोग करने की अपील की है, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे।

रेलवे ने यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन से भी आवश्यक सुरक्षा एवं नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। साथ ही, आम जनता को समय रहते वैकल्पिक मार्ग की जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

रेलवे ट्रैक की मरम्मत कार्य को देखते हुए इन तीन रातों के दौरान पाररास फाटक के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय का ध्यान रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं और फाटक बंद रहने के दौरान अंडरब्रिज अथवा बाईपास मार्ग का ही इस्तेमाल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!