
वरिष्ठ पत्रकार रवि भूतड़ा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का कलेक्टर ने भी स्नेहपूर्वक स्वागत किया। माहेश्वरी महिला मंडल की सदस्याओं ने कलेक्टर को “महेश नवमी” एवं “भगवान शिव” अंकित पारंपरिक गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा और आत्मीयता से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने माहेश्वरी समाज को महेश नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माहेश्वरी समाज सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने समाज की जनकल्याणकारी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संगठनों की सक्रिय सहभागिता समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों, जनहित एवं सेवा कार्यों में इसी उत्साह के साथ योगदान देते रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष स्वरूप राठी, आनंद बागड़ी, रवि भूतड़ा, दानेश्वर तापड़िया, तरुण राठी, उमाशंकर मंत्री, केशव मंत्री, प्रेमा काबरा, किरण काबरा, पूजा तापड़िया, संगीता टावरी एवं ज्योति टावरी सहित माहेश्वरी समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
महेश नवमी के अवसर पर आयोजित यह सौजन्य भेंट एवं सम्मान समारोह सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और प्रशासन-समाज के मधुर संबंधों का सुंदर उदाहरण बना।




















