
बैठक में जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है, लेकिन कई गांवों में जल जीवन मिशन के कार्य अब तक अधूरे पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से दरबारी नवागांव में निर्मित गुणवत्ताहीन पानी टंकी का मुद्दा उठाते हुए उसे तोड़कर नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की। साथ ही पड़कीभाट, मनौद, खुर्शीपार, उमरादाह सहित कई गांवों में अपूर्ण कार्यों को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। बैठक में यह भी कहा गया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक के दौरान पूजा वैभव साहू ने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि ग्राम सांकरा, परसदा, देवारभाट एवं पर्रेगुड़ा (बघमरा) में सफल बोरखनन कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे इन गांवों में जल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी राहत मिलेगी। वहीं ग्राम बेलमांड, जुंगेरा और सिवनी में नए बोरखनन कार्यों के लिए प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है, जिन पर जल्द कार्य शुरू होने की संभावना है।
बैठक में दो बड़ी समूह जल प्रदाय योजनाओं को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। जुँगेरा समूह जल प्रदाय योजना के विस्तार से जुंगेरा, तरौद, रे. नवागांव, कोहगाटोला, खुर्शीपार, मनोद, खेरथाडीह, अमलीडीह, रानीतराई, घुमका, धौराभाठा, सांकरा एवं जगन्नाथपुर जैसे गांवों को लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से हजारों ग्रामीणों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
इसी प्रकार हीरापुर समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत हीरापुर, झलमला, सिवनी, औराभाठा, देऊरतराई, देवाभाठ, तालगांव और उमरादाह गांवों को शामिल किया गया है। योजना के पूर्ण होने के बाद इन क्षेत्रों में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिला पंचायत सदस्य पूजा वैभव साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की बात कही। साथ ही उन्होंने जल जीवन मिशन और समूह जल प्रदाय योजनाओं को गति देने के लिए विभागीय अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।
बैठक में जल जतन समिति की सभापति लक्ष्मी अशोक साहू, जिला पंचायत सदस्य तेजराम साहू, चुन्नी मानकर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी सागर वर्मा तथा जल संसाधन विभाग के पीयूष देवांगन सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




















