प्रदेश रूचि

साइकिल चलाकर दफ्तर पहुंचे बिलासपुर सांसद तोखन साहू, ईंधन बचाने जनता से की अपील

नई दिल्ली। वैश्विक हालातों के बीच बढ़ते ईंधन संकट और संरक्षण अभियान को लेकर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद Tokhan Sahu ने अनोखी पहल की। उन्होंने अपने आवास से संकल्प भवन तक करीब 3 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय कर देशवासियों को ईंधन बचाने का संदेश दिया।


तोखन साहू ने प्रधानमंत्री Narendra Modi की अपील का समर्थन करते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में पेट्रोल-डीजल की बचत केवल आर्थिक जरूरत नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा बड़ा दायित्व है। उन्होंने कहा कि कोविड काल में अपनाई गई व्यवस्थाएं जैसे वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और ईंधन की सीमित खपत आज फिर प्रासंगिक हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। “ईंधन का हर बचाया गया लीटर देश के हित में योगदान देता है। छोटे-छोटे बदलाव भी बड़े परिणाम ला सकते हैं,” उन्होंने कहा।


केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता अपने काफिलों को 50 प्रतिशत तक कम कर चुके हैं। उनका कहना था कि जब जनप्रतिनिधि खुद उदाहरण पेश करते हैं तो उसका सकारात्मक असर आम लोगों पर भी पड़ता है।
तोखन साहू ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक बस, साइकिल और कारपूलिंग को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि “संरक्षण की दिशा में उठाया गया हर कदम राष्ट्र सेवा है और बचाई गई ईंधन की हर बूंद भारत के भविष्य और गौरव की रक्षा करती है।”
भाजपा सांसद की यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब देश के कई हिस्सों में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति और बढ़ती कीमतों को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!