प्रदेश रूचि

युवा फेस्ट-2026 में आखिर क्यों झूमा पूरा धमतरी? दायरा बैंड के सुर, युवाओं का जोश और विकास का संदेश बना आकर्षण

 

युवा फेस्ट-2026 का भव्य समापन: दायरा बैंड के सुरों पर झूमा धमतरी
धमतरी। पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित दो दिवसीय युवा फेस्ट-2026 का शनिवार को जोश, उत्साह और रंगारंग माहौल के बीच शानदार समापन हुआ। इस आयोजन ने युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति और आधुनिक संगीत के बेहतरीन संगम से पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया।
समापन समारोह में प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही विकसित भारत-2047 की सबसे बड़ी ताकत है। स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलते हुए युवाओं को देश निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की युवा कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए युवाओं से उनका लाभ उठाने और विकास यात्रा में सहभागी बनने की अपील की।
दायरा बैंड ने बांधा समां
कार्यक्रम के अंतिम दिन दायरा बैंड (जादू बस्तर) की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही। बैंड ने छत्तीसगढ़ी लोकधुनों को आधुनिक फ्यूजन संगीत के साथ पेश किया, जिससे पूरा परिसर झूम उठा। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग ने प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया।


प्रशासन की सराहना, विजेताओं का सम्मान
मंत्री ने सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन और विशेष रूप से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के प्रयासों की सराहना की। वहीं महापौर रामू रोहरा ने युवाओं से रचनात्मक सोच के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
समापन समारोह में सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल और नवाचार से जुड़ी 23 प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। शानदार प्रदर्शन करते हुए पीजी कॉलेज ने रनिंग ट्रॉफी अपने नाम की।
कौशल, संवाद और अवसर का मंच
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि फेस्ट का उद्देश्य युवाओं को ऐसा मंच देना था, जहां वे स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट, नवाचार और कला-संस्कृति से जुड़ सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ऐसे आयोजन लगातार होते रहेंगे।
शिक्षा विभाग और महाविद्यालय प्रशासन के सहयोग से संपन्न यह आयोजन जिले के युवाओं के लिए यादगार, प्रेरणादायक और ऊर्जा से भरपूर अनुभव साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!