
माधव ने दोनों ग्रुप में संतुलित और प्रभावशाली प्रदर्शन किया। ग्रुप-1 में फाइनेंशियल रिपोर्टिंग में 73 अंक, एडवांस्ड फाइनेंशियल मैनेजमेंट में 71 अंक तथा एडवांस्ड ऑडिटिंग, एश्योरेंस एंड प्रोफेशनल एथिक्स में 54 अंक प्राप्त किए। वहीं ग्रुप-2 में डायरेक्ट टैक्स लॉ एंड इंटरनेशनल टैक्सेशन में 69 अंक, इनडायरेक्ट टैक्स लॉ में 67 अंक और इंटीग्रेटेड बिजनेस सॉल्यूशंस में 53 अंक हासिल किए। इस प्रकार उन्होंने कुल 387 अंक अर्जित कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
माधव की सफलता पर उनके परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। परिजनों ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। परिवार ने इसे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया है। स्वयं माधव ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार के निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन को दिया है।

उल्लेखनीय है कि सीए फाइनल की परीक्षा दो ग्रुप में आयोजित की गई थी। ग्रुप-1 की परीक्षाएं 5, 7 और 9 जनवरी को तथा ग्रुप-2 की परीक्षाएं 11, 13 और 16 जनवरी को आयोजित हुई थीं। आईसीएआई द्वारा जल्द ही इंटरमीडिएट और फाउंडेशन परीक्षाओं के परिणाम भी घोषित किए जाने की संभावना है।
माधव पटेल की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बालोद जिले का मान बढ़ाया है और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।




















