प्रदेश रूचि

बालोद में भरोसे की जीत: टूटी जांघ का सफल ऑपरेशन, 56 वर्षीय महिला को मिली नई उम्मीद

बालोद।जिला चिकित्सालय बालोद के चिकित्सकों ने एक बार फिर अपनी दक्षता का परिचय देते हुए जांघ की हड्डी (फीमर) के गंभीर फ्रैक्चर से पीड़ित 56 वर्षीय रामकली बाई का सफल ऑपरेशन किया। समय पर उपचार और विशेषज्ञ टीम की तत्परता से मरीज को बड़ी राहत मिली है।

बालोद विकासखण्ड के ग्राम खपरी निवासी रामकली बाई की दाहिनी जांघ की हड्डी टूट जाने के बाद परिजनों ने उन्हें 23 फरवरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जांच के बाद अस्थि रोग विशेषज्ञों ने सर्जरी की आवश्यकता बताई। मुख्य अस्पताल अधीक्षक आर.के. श्रीमाली के मार्गदर्शन में चिकित्सकीय टीम ने 27 फरवरी को सफल ऑपरेशन किया।


ऑपरेशन टीम में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज सोरी, सर्जन डॉ. एन.के. साहू और निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. अविनाश मण्डावी शामिल रहे। पूरी प्रक्रिया सावधानीपूर्वक और आधुनिक तकनीक के साथ संपन्न की गई, जिससे मरीज की स्थिति में तत्काल सुधार देखा गया।
इस सर्जरी को सफल बनाने में ओटी स्टाफ—एस. देवदास, एस. नेताम, शिरिन, पूर्णिमा, पिंकी, चैतराम, भगवती और कोमल—की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीमवर्क और समन्वय के चलते ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
जिला अस्पताल में उपलब्ध विशेषज्ञ सेवाओं और त्वरित चिकित्सा सुविधा के कारण अब ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख करने की जरूरत कम होती जा रही है। रामकली बाई का सफल ऑपरेशन इसी भरोसे को और मजबूत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!