प्रदेश रूचि

चार माह के SIR के बाद छत्तीसगढ़ की अंतिम मतदाता सूची जारी, 1.87 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत बालोद से रायपुर तक बढ़ी मतदाताओं की संख्या

 

रायपुर।छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रदेश के सभी 33 जिलों में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली में कुल 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 मतदाता पंजीकृत हैं।
चार माह तक चले इस विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशन के बाद प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण कर व्यापक संशोधन किया गया। अंतिम सूची में 2,34,994 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि (नेट एडिशन) दर्ज की गई है। पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत कुल 3,43,801 नए नाम जोड़े गए, जबकि 1,08,807 नाम विलोपित किए गए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार इस व्यापक अभियान में 33 जिला निर्वाचन अधिकारियों, 90 ईआरओ, 1990 एईआरओ, 27,196 बीएलओ और 38,846 बीएलए सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों-कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही। बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वे कर गणना प्रपत्रों का वितरण, मिलान एवं मैपिंग का कार्य मिशन मोड में संपन्न किया गया।


जिलावार स्थिति और प्रमुख आंकड़े
अंतिम प्रकाशन के अनुसार दुर्ग जिले में सर्वाधिक 2.80 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर और बालोद जैसे जिलों में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। रायपुर जिले में संशोधन के बाद कुल 13,93,967 मतदाता दर्ज हैं। बालोद जिले में अंतिम मतदाता संख्या 6,56,301 पहुंच गई है, जो ड्राफ्ट सूची की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाती है। प्रदेश स्तर पर ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की संख्या 1,84,95,920 थी, जो अंतिम प्रकाशन के बाद बढ़कर 1,87,30,914 हो गई।

राजनीतिक दलों को निःशुल्क प्रतियां
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की प्रतियां (फोटोयुक्त और बिना फोटो वाली सॉफ्ट कॉपी) निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त अद्यतन फोटो एवं संशोधित जानकारी को भी अंतिम सूची में सम्मिलित किया गया है।


ऑनलाइन उपलब्ध है सूची
मतदाता अपनी जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट तथा वोटर पोर्टल पर ऑनलाइन देख सकते हैं। मतदाता सूची डाउनलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में सम्मिलित नहीं है या प्रविष्टि में त्रुटि है, तो संबंधित प्रपत्र भरकर ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रहे और अपात्र नाम शामिल न हो—इस उद्देश्य से पारदर्शी एवं व्यापक प्रक्रिया अपनाई गई है।

“सशक्त लोकतंत्र के लिए पारदर्शी एवं अद्यतन मतदाता सूची” के संकल्प के साथ संपन्न हुआ यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान प्रदेश में निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!