प्रदेश रूचि

बालोद में शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई 10वीं बोर्ड परीक्षा, 10,102 विद्यार्थी रहे उपस्थित

बालोद। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा के अंतर्गत जिले में 21 फरवरी से कक्षा 10वीं की परीक्षा प्रारंभ हो गई। पहले दिन हिंदी विषय का प्रश्न पत्र संपन्न हुआ। जिले के 111 परीक्षा केंद्रों में पंजीकृत 10 हजार 256 परीक्षार्थियों में से 10 हजार 102 विद्यार्थी उपस्थित रहे, जबकि 154 परीक्षार्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए। परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई तथा किसी भी केंद्र से नकल का कोई प्रकरण सामने नहीं आया।

जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने अपनी टीम के साथ जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। वहीं कलेक्टर द्वारा गठित आठ उड़नदस्ता टीमों ने भी ग्रामीण अंचलों के केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सभी केंद्रों में परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न होती पाई गई और कहीं भी किसी प्रकार की गड़बड़ी दर्ज नहीं हुई।

जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों का हिंदी विषय का पेपर शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और नकल संबंधी कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। आगामी 24 फरवरी को अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।


विकासखंडवार स्थिति इस प्रकार रही—
बालोद विकासखंड के 16 केंद्रों में 1,870 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1,844 उपस्थित और 26 अनुपस्थित रहे।

गुरुर विकासखंड के 19 केंद्रों में 1,832 में से 1,801 विद्यार्थी उपस्थित और 31 अनुपस्थित रहे।

डौंडी लोहारा विकासखंड के 29 केंद्रों में 2,388 में से 2,356 उपस्थित और 32 अनुपस्थित रहे।

गुंडरदेही विकासखंड के 26 केंद्रों में 2,398 में से 2,362 विद्यार्थी उपस्थित और 36 अनुपस्थित रहे।

डौंडी विकासखंड के 21 केंद्रों में 1,768 में से 1,739 उपस्थित और 29 अनुपस्थित दर्ज किए गए।

इस प्रकार जिले के कुल 111 केंद्रों में पंजीकृत 10,256 विद्यार्थियों में से 10,102 की उपस्थिति दर्ज की गई, जो परीक्षा के प्रति विद्यार्थियों की गंभीरता और प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्था को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!