Skip to main content

प्रदेश रूचि

रानीमाई मंदिर के पास गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 4.082 किलो गांजा के साथ तीन गिरफ्तार

बालोद। बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीमाई मंदिर के पास ग्राम नर्रा में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल की डिग्गी से 4.082 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक मोटरसाइकिल पैशन प्रो क्रमांक CG 19 BA 6418 से उड़ीसा से अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर चारामा होते हुए बालोद की ओर आ रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस ने रानीमाई मंदिर के पास ग्राम नर्रा में एमसीपी लगाकर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई।

मोटरसाइकिल की डिग्गी से खाखी रंग के टेप से लिपटा चार पैकेट गांजा बरामद किया गया। तौल करने पर गांजा का कुल वजन 4.082 किलोग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम महेन्द्र कुंजाम (25 वर्ष), जितेन्द्र निषाद (24 वर्ष) और नोमेन्द्र रजक (19 वर्ष), तीनों निवासी ग्राम जैसाकर्रा, थाना चारामा, जिला कांकेर बताया। आरोपियों ने गांजा को उड़ीसा से बालोद की ओर बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन (रेडमी, रियलमी और ओप्पो) जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल पैशन प्रो जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये है, को भी जब्त किया है। कुल जब्ती की कीमत करीब 2 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है।

इस मामले में थाना बालोद में आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!