प्रदेश रूचि

स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न वेतन लंबित, मजदूरी दर और संगठन विस्तार पर हुई अहम चर्चा

बालोद | “छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ”,”health employees union chhattisgarh” जिला बालोद की जिला कार्यकारिणी की बैठक आज आयोजित की गई। बैठक में राज्य स्तर पर प्रस्तावित महासमिति की बैठक की विस्तृत जानकारी सदस्यों को दी गई।

बैठक के दौरान विभिन्न विकासखंडों से उपस्थित अध्यक्षों ने दैनिक मजदूरी पर कार्यरत कर्मचारियों को विगत पाँच माह से वेतन नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर गहरी नाराज़गी व्यक्त करते हुए कर्मचारियों को प्रति माह नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इसके साथ ही जीवनदीप समिति में कार्यरत कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर मजदूरी प्रदान किए जाने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा हुई। महासमिति की बैठक में जिला बालोद के कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का क्रमबद्ध संकलन (सूचीकरण) कर उन्हें राज्य स्तर पर मजबूती से रखने का निर्णय लिया गया।
संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान चलाने तथा जिला, प्रांतीय एवं संभागीय पदाधिकारियों द्वारा हर विकासखंड में बैठक आयोजित करने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया।

बैठक में जिला अध्यक्ष आर.के. सोनबोइर, प्रांतीय सचिव अनिल सिन्हा, महामंत्री नीरज गौतम, उपाध्यक्ष राजेश साहू, संगठन सचिव एस.एल. गंधर्व, कोषाध्यक्ष रोशन सोनकर, लिपिक प्रकोष्ठ से दुग्गी देवांगन, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रकोष्ठ से देवानंद रात्रे, विकासखंड बालोद अध्यक्ष भूपेंद्र डरसेना, गुरुर से मिथलेश साहू, चतुर्थ श्रेणी प्रकोष्ठ से रोमेश सिवाना सहित बड़ी संख्या में संगठन के सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!