प्रदेश रूचि

झलमला चोरी मामले में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

बालोद।ग्राम झलमला में हुई दो चोरी की वारदातों का बालोद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, 4 हजार रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लोहे की हथौड़ी समेत कुल 8 लाख 52 हजार 450 रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस कार्रवाई में थाना बालोद और साइबर सेल की अहम भूमिका रही।


पहला मामला – दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी
पहला मामला शांतिनगर घोटिया चौक झलमला निवासी राकेश कुमार ठाकुर के घर से जुड़ा है। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि वह और उसकी पत्नी शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। 19 जनवरी को सुबह बच्चों के स्कूल जाने के बाद घर में ताला लगाकर दोनों अपने कार्यस्थल चले गए थे। शाम करीब 4.30 बजे घर लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और अंदर आलमारी व दीवान पलंग से सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 7 लाख 91 हजार रुपये आंकी गई। इस पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 30/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया।

दूसरा मामला – दीवार फांदकर नकदी चोरी
दूसरा मामला उसी क्षेत्र की निवासी नम्रता देवी के घर का है। 19 जनवरी को दिन के समय अज्ञात चोर ने मकान की दीवार फांदकर चैनल गेट और दरवाजे का ताला तोड़ा तथा कमरे में रखे दराज से 4 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इस मामले में अपराध क्रमांक 32/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।

विशेष टीम गठित, आरोपी से कबूलनामा

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना बालोद और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदेही लक्ष्मण सिंह ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी ने बताया कि वह मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LW 3989 से ग्राम झलमला पहुंचा, सुनसान मकानों की रेकी की और हथौड़ी से ताले तोड़कर पहले एक घर से नकदी चोरी की, फिर पास के दूसरे मकान से सोने-चांदी के जेवरात लेकर डौंडी लोहारा स्थित अपने किराये के मकान में छिपा दिए।

मशरूका बरामद, आरोपी जेल भेजा

आरोपी की निशानदेही पर उसके किराये के मकान से चोरी गए जेवरात, 4 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लोहे की हथौड़ी बरामद की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 8.52 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 21 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
बालोद पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरों में हड़कंप मच गया है और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!