रायपुर।छत्तीसगढ़ में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार की अकर्मण्यता और विफल नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ आज अपराधगढ़ बन चुका है। हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, गैंगवार और चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं ने प्रदेशभर में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि सत्ता के संरक्षण में अवैध नशे का कारोबार फल-फूल रहा है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान से ड्रग्स की निर्बाध सप्लाई छत्तीसगढ़ के गली-मोहल्लों तक पहुंच रही है, जो बेलगाम अपराध का प्रमुख कारण बन चुकी है। सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए समाज में वर्ग संघर्ष को बढ़ावा दे रही है।
राजधानी रायपुर में हालात सबसे ज्यादा चिंताजनक
कांग्रेस प्रवक्ता ने आंकड़े गिनाते हुए कहा कि राजधानी रायपुर में हर चौथे दिन एक हत्या, रोजाना लूट और चोरी की कई घटनाएं हो रही हैं। बीते एक वर्ष में राजधानी में 280 दुष्कर्म और 8680 साइबर ठगी के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि रायपुर को अब “चाकूपुर” कहा जाने लगा है।
गृहमंत्री पर सीधा हमला
सुरेंद्र वर्मा ने डिप्टी सीएम व गृहमंत्री विजय शर्मा को छत्तीसगढ़ के इतिहास का “सबसे नकारा गृहमंत्री” बताते हुए कहा कि अपराधी इतने बेखौफ हो चुके हैं कि उन्हें पुलिस और प्रशासन का कोई डर नहीं रह गया है। सड़कों पर खुलेआम हत्याएं हो रही हैं, दिनदहाड़े गोलियां चल रही हैं और गैंगवार आम बात बन चुकी है। अंतरराष्ट्रीय शूटरों की प्रदेश में आमद सरकार और पुलिस प्रशासन की विफलता को उजागर करती है।
पुलिस भी सुरक्षित नहीं
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुशासन में खुद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी सुरक्षित नहीं हैं। कानून व्यवस्था की समीक्षा और सुधार के बजाय सरकार भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और प्रशासनिक अराजकता में उलझी हुई है।
भयमुक्त वातावरण देने में नाकाम सरकार
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि हत्या, अनाचार और डकैती जैसी जघन्य घटनाओं को रोकने में राज्य सरकार पूरी तरह विफल रही है। जनता को भयमुक्त वातावरण देने का वादा करने वाली भाजपा सरकार आज खुद अपराध के सामने बेबस नजर आ रही है।




















