प्रदेश रूचि

भाजपा संजारी–बालोद विधानसभा स्तरीय कार्यशाला संपन्न, अटल जयंती को बूथ स्तर तक मनाने का आह्वान

बालोद | भाजपा संजारी–बालोद विधानसभा स्तरीय कार्यशाला का आयोजन भाजपा जिला कार्यालय जूंगेरा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यशाला में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष को सुशासन दिवस के रूप में मनाने तथा हर बूथ पर कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्राही, बालोद जिला संगठन प्रभारी संध्या परगनिहा और संजारी–बालोद विधानसभा प्रभारी दीपक महस्के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

संगठन की ताकत कार्यकर्ता: पाणिग्राही
दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्राही ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित और अनुशासित कार्यकर्ता हैं। इन्हीं की एकजुटता से पार्टी ने निरंतर जनता का विश्वास जीता है। उन्होंने युवाओं को संगठन की धुरी बताते हुए जनसेवा, जनजागरण और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।


अटल जयंती को उत्साह से मनाने की अपील
जिला संगठन प्रभारी संध्या परगनिहा ने 24 से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाले अटल बिहारी वाजपेयी जन्म शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की। उन्होंने प्रत्येक गांव में स्थित अटल चौक की साफ-सफाई, सजावट और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा 25 दिसंबर को अटल जयंती पूरे उत्साह के साथ मनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटल जी की दूरदृष्टि का परिणाम है और प्रधानमंत्री सड़क योजना जैसी योजनाओं से प्रदेश को विकास की नई दिशा मिली।

बूथ सशक्तिकरण पर जोर

विधानसभा प्रभारी दीपक महस्के ने कहा कि भाजपा एक विचारधारात्मक और अनुशासित संगठन है, जहां हर कार्यकर्ता की भूमिका अहम है। उन्होंने बूथ सशक्तिकरण, संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क अभियानों को और गति देने की आवश्यकता पर बल दिया।

जिले की संगठनात्मक स्थिति और आगामी रणनीति प्रस्तुत की : चेमन देशमुख
स्वागत उद्बोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने जिले की वर्तमान संगठनात्मक स्थिति, बूथ स्तर की मजबूती और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी अतिथियों के समक्ष रखी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखते हुए जनसंपर्क अभियानों को और सशक्त करने का आह्वान किया।

संचालन और उपस्थिति

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश यादव छोटू ने किया।
इस अवसर पर लघु वनोपज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू, कृष्णकांत पवार, पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी सहित बड़ी संख्या में मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, मोर्चा–प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यशाला के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का स्पष्ट संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!