प्रदेश रूचि

संगठन में भरोसे की मुहर, अकबर तिगाला को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी

भारतीय जनता पार्टी संगठन में बालोद जिले को एक अहम राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिला है। अकबर तिगाला को भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव एवं संगठन महामंत्री पवन साय की अनुसंशा के पश्चात, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखबुर इकबाल खान द्वारा घोषित नई प्रदेश कार्यकारिणी में की गई।
नियुक्ति के बाद वरिष्ठ नेताओं से लिया आशीर्वाद
प्रदेश मंत्री बनाए जाने के बाद अकबर तिगाला ने वरिष्ठ भाजपा नेताओं से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनकी नियुक्ति पर बालोद जिले सहित प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
जिले के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
इस महत्वपूर्ण दायित्व के मिलने पर जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख, पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार, पवन साहू, लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, वीरेंद्र साहू, कुमारी बाई साहू, जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव सहित जिले के अनेक वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अकबर तिगाला को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
इसके अलावा सामाजिक व अल्पसंख्यक समाज से जुड़े कई प्रतिनिधियों ने भी इस नियुक्ति को बालोद जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
युवा मोर्चा से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
उल्लेखनीय है कि अकबर तिगाला ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा से की थी। इसके बाद उन्होंने बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई। पार्टी के विभिन्न अभियानों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और संगठन विस्तार में उनकी सहभागिता हमेशा प्रभावी रही है।
अल्पसंख्यक समाज के बीच मजबूत पकड़
पार्टी संगठन के साथ-साथ अकबर तिगाला लंबे समय से अल्पसंख्यक समाज के बीच सक्रिय रहकर सामाजिक संवाद, संगठन सशक्तिकरण और भाजपा की नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का कार्य करते रहे हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके अनुभव और सक्रियता से प्रदेश में अल्पसंख्यक मोर्चा को नई ऊर्जा मिलेगी।
पार्टी नेतृत्व का भरोसा
प्रदेश मंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व से नवाजे जाने को संगठन में उनके समर्पण, निरंतर मेहनत और विश्वास की परिणति माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि इस नई जिम्मेदारी के साथ अकबर तिगाला प्रदेश स्तर पर संगठन को मजबूत करने और अल्पसंख्यक समाज को भाजपा से और अधिक जोड़ने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!