Skip to main content

प्रदेश रूचि

दल्लीराजहरा तिराहा-रेलवे क्रॉसिंग तक सड़क निर्माण में भारी लापरवाही — नपा नेताप्रतिपक्ष ने उपमुख्यमंत्री से की शिकायत, उच्चस्तरीय जांच की मांग

बालोद। जिला मुख्यालय के दल्लीराजहरा तिराहा चौक से रेलवे क्रॉसिंग तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य में गंभीर लापरवाही, गलत सर्वे और अत्यधिक देरी को लेकर रविवार को कांग्रेस पार्षद दल ने नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी के नेतृत्व में बालोद पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
पार्षद दल ने बताया कि 1.85 किमी लंबे इस प्रोजेक्ट का कार्यादेश 25 जून 2025 को जारी हुआ था, जिसकी समयावधि 5 माह तय थी, लेकिन आज तक सिर्फ 10% कार्य ही पूरा हो पाया है।

गलत सर्वे और अधूरी तैयारी बनी प्रमुख वजह

नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी ने बताया कि परियोजना का तकनीकी सर्वेक्षण ही प्रारंभ से गलत पाया गया, जिससे न तो जमीन अधिग्रहण शुरू हो सका और न ही अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ पाई। सबसे बड़ी चूक यह रही कि पुरानी जल पाइपलाइन का सर्वे ही नहीं किया गया, जिसके कारण सड़क के नीचे मौजूद पाइपलाइन की शिफ्टिंग का कोई बजट नहीं रखा गया।
इस लापरवाही से कई घरों की पानी आपूर्ति बाधित हुई और बाद में विभाग को मजबूरी में 2 करोड़ 15 लाख रुपये का नया प्रस्ताव बनाना पड़ा।

अतिक्रमण, बिजली पोल शिफ्टिंग और ठेकेदार की धीमी कार्यशैली से बढ़ी समस्या

परियोजना के दौरान अतिक्रमण हटाने और बिजली पोल शिफ्टिंग की प्रक्रिया बेहद धीमी गति से चल रही है। सड़क सीमा में आने वाली दुकानों, भवनों और बिजली पोलों के कारण काम बाधित हो रहा है, जबकि विभाग की ओर से इसके लिए पूर्व-प्रयास नहीं किए गए।

परियोजना का ठेका सेवा सिंह ओबेरॉय एंड कंपनी को 592.63 लाख रुपये में दिया गया था, लेकिन पार्षदों का आरोप है कि ठेकेदार की प्रगति निराशाजनक और गैरजिम्मेदाराना है।
कलेक्टर द्वारा निरीक्षण व सख्त निर्देशों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

स्थानीय नागरिकों की शिकायत है कि कई स्थानों पर डिवाइडर से निकली मिट्टी नहीं हटाई गई, कार्यस्थल अव्यवस्थित है, और नक्शे से हटकर कार्य किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

 

जांच व जिम्मेदारी तय करने की मांग

कांग्रेस पार्षद दल ने उप मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी कि: परियोजना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए,गलत सर्वे, देरी और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो,ठेकेदार कंपनी की कार्यक्षैली और पात्रता की समीक्षा की जाए,परियोजना की थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट कर पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए,कार्य को तय मानकों और समयसीमा में पूरा कराया जाए

ज्ञापन सौंपने के दौरान नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी के साथ विनोद शर्मा, सुनील मालेकर, सुमित शर्मा, रीता सोनी, निर्देश पटेल, सतीश यादव और किरण साहू उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!