Skip to main content

प्रदेश रूचि

बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा — दिवाली मनाने के लिए की थी वारदात, दो आरोपी गिरफ्तार

बालोद। जिले के रनचीरई थाना क्षेत्र के ग्राम पाउवारा में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दिवाली त्योहार के लिए पैसों की जरूरत ने दो युवकों को ऐसा अपराध करने पर मजबूर कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं।

 क्या है पूरा मामला

7 अक्टूबर को पाउवारा निवासी ओमप्रकाश देशलहरे ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी मां पुनवंतीन देशलहरे (70) अपने पुराने घर में अकेली रहती थीं और सुबह तक नहीं उठीं। जब परिजनों ने जाकर देखा तो वे खाट पर मृत अवस्था में पड़ी थीं।
रनचीरई पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में सामने आया कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी और कान से सोने के टॉप्स व गले की चांदी की चेन लूट ली गई थी। इस पर पुलिस ने हत्या व लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 पुलिस ने ऐसे सुलझाया मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और उप पुलिस अधीक्षक राजेश बागड़े के मार्गदर्शन में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। इस टीम में रनचीरई पुलिस और साइबर सेल शामिल थे। जांच के दौरान डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद ली गई। तकनीकी साक्ष्यों और संदेह के आधार पर पुलिस ने गांव के ही दो युवकों —भूपेश चंदेल (28) और विनोद दिवाकर (32) — को हिरासत में लिया।

 दिवाली खर्च के लिए की थी हत्या

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध कबूल करते हुए बताया कि दिवाली मनाने के लिए पैसों की तंगी थी। 6 और 7 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे दोनों मृतका के घर के पीछे बाड़ी की ओर से दाखिल हुए और कमरे में संपत्ति ढूंढने लगे। महिला की नींद खुलने पर उन्होंने मुंह और गला दबाकर हत्या कर दी और जेवर लूटकर फरार हो गए।

 मिले सबूत और बरामदगी

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए सोने के टॉप्स और चांदी की चेन, जिनकी कीमत लगभग ₹2200, बरामद कर ली।
दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 पुलिस टीम को मिली सराहना

इस मामले के त्वरित खुलासे में रनचीरई थाना प्रभारी और टीम की सक्रिय भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की तत्परता की सराहना की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!