बालोद/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू किए गए जीएसटी टू को ऐतिहासिक कदम बताया। इस मौके पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहे।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 के बाद देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। “जहां हमारा देश आर्थिक अस्थिरता में फंसा हुआ था, वहीं पिछले दस वर्षों में भारत को 10वें स्थान से 5वें स्थान पर और अब तीसरे स्थान की ओर तेजी से आगे बढ़ाया गया है,” उन्होंने कहा।
“मोदी जी जो बोलते हैं, वह करके दिखाते हैं”
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2025 के स्वतंत्रता दिवस पर जीएसटी रिफॉर्म लागू करने का वादा किया गया था, लेकिन महज़ 20 दिनों के भीतर इसे लागू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अब तक 4 स्लैब वाले जीएसटी को सरल बनाकर सिर्फ 2 स्लैब में कर दिया गया है।
“इस सुधार से वस्त्र, जीवन बीमा, ऑटोमोबाइल और अन्य दैनिक उपभोग की वस्तुएं सस्ती होंगी। हर परिवार को सालाना करीब 50 हजार रुपये की बचत होगी,” साय ने कहा।

किसानों और उद्योग जगत को बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसानों को जीएसटी रिफॉर्म से विशेष लाभ होगा। खाद जैसे सामानों को 5% स्लैब में लाया गया है। देशभर में हर साल बिकने वाले 9 लाख ट्रैक्टरों पर कर राहत से 6 हजार करोड़ रुपये का लाभ होगा। उन्होंने कहा, “लघु वनोपज की प्रोसेसिंग मशीनों और कृषि क्षेत्र से जुड़े उपकरणों पर कर कम होने से छत्तीसगढ़ के किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।”
“जीएसटी अब गुड एंड सिंपल टैक्स”
साय ने कहा कि पीएम मोदी का यह कदम उद्योग-व्यापार को सुगम बनाने वाला है। “अब जीएसटी का मतलब सचमुच गुड एंड सिंपल टैक्स हो गया है,” उन्होंने कहा।
मौजूद रहे वरिष्ठ नेता
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, सांसद एवं प्रदेश प्रवक्ता संतोष पांडेय, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















