बालोद। जिले में सड़कों पर बैठे आवारा मवेशियों की वजह से हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सरकार से लेकर स्थानीय प्रशासन तक बार-बार आदेश और दिशा-निर्देश जारी कर चुके हैं। सड़कों पर बैठे मवेशियों को हटाने और मालिकों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए, लेकिन हालात अब भी जस के तस हैं। आदेश कागज़ों से बाहर निकलकर ज़मीनी स्तर पर असर नहीं दिखा पा रहे हैं।
इसी लापरवाही का नतीजा आज फिर बालोद ज़िला मुख्यालय में सामने आया। राष्ट्रीय राजमार्ग 930 पर आमापारा स्थित शिवनाथ कॉम्प्लेक्स के पास सड़क पर बैठे मवेशियों को बचाने के चक्कर में दल्लीराजहरा से आ रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार एक बुज़ुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज ज़िला अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो सवार अपने गृह ग्राम अरौद लौट रहे थे, तभी अचानक मवेशियों की मौजूदगी ने उनकी यात्रा को मातम में बदल दिया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
साफ है कि आदेशों और दिशा-निर्देशों के बावजूद सड़क पर बैठे मवेशियों का खतरा बना हुआ है। हादसों से सबक लेकर यदि अब भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं आगे भी आम लोगों की जान लेती रहेंगी।




















