छत्तीसगढ़ के योग शिक्षक धीरज शर्मा ने रचा इतिहास, अधोमुख श्वानासन में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के योग शिक्षक धीरज शर्मा ने योग के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। धीरज ने लगातार 1 घंटा 45 मिनट तक अधोमुख श्वानासन (Downward Facing Dog Pose) कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड तमिलनाडु के साधुराम कुमार के नाम था, जिन्होंने 1 घंटा 30 मिनट तक इस आसन को करके उपलब्धि हासिल की थी। लेकिन धीरज ने इस रिकॉर्ड को तोड़कर नया मुकाम हासिल किया।
धीरज शर्मा को उनकी इस अद्भुत उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सम्मानित किया। समारोह में उन्हें सर्टिफिकेट और मेडल प्रदान किया गया।
धीरज शर्मा नियमित योगाभ्यास के साथ ही अपने ग्रेस योगा एंड वेलनेस स्टूडियो के माध्यम से ऑनलाइन और ऑफलाइन सैकड़ों लोगों को योग की शिक्षा दे रहे हैं।
अपनी सफलता पर धीरज ने कहा – “इस रिकॉर्ड के लिए मैं कई महीनों से मेहनत कर रहा था। इस उपलब्धि का श्रेय मैं अपने गुरु श्रीश्री रविशंकर जी को देता हूँ। आगे भी योग के क्षेत्र में काम करता रहूँगा और लोगों को योग की ओर प्रेरित करता रहूँगा।”
धीरज की यह उपलब्धि न केवल बालोद जिले के लिए गौरव की बात है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए भी प्रेरणादायी है।




















