गुरूर पुलिस की बड़ी कामयाबी : दिल्ली-हरियाणा से दो साइबर ठग गिरफ्तार
बालोद। गुरूर पुलिस ने दो अलग-अलग साइबर ठगी मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने दिल्ली और हरियाणा से आरोपियों को गिरफ्तार कर ठगी में इस्तेमाल एटीएम कार्ड और रकम बरामद की है।
पहला मामला
गुरूर के आशीष कुमार कुंभज ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अगस्त 2024 में मोबाइल नंबर 7700924716, 9054828269 और 9558427124 से कॉल कर एक ट्रेडिंग ऐप में निवेश के नाम पर उससे 4 लाख 44 हजार रुपये ठग लिए गए। इस पर गुरूर थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दूसरा मामला
बालोद जिले के चंदनबिरही निवासी सोमन लाल साहू ने पुरूर थाने में आवेदन दिया था कि उसे कुछ मोबाइल नंबरों से वीडियो कॉल कर एक लड़की ने अश्लील हरकतें कीं। बाद में 9817626754 से कॉल कर खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताकर धमकाया गया कि उस पर केस दर्ज किया जाएगा। डराकर 3 लाख 51 हजार 500 रुपये अलग-अलग खातों में डलवाए गए। इस पर पुरूर थाने में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ।
कार्रवाई
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए गुरूर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम दिल्ली-हरियाणा रवाना हुई। टीम ने हरियाणा के पलवल जिले के मिन्डकोला निवासी अंकित (24) और नूंह जिले के रहपुआ गांव निवासी शाहिल खान (20) को उनके ठिकानों से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों से ठगी में प्रयुक्त एटीएम कार्ड और रकम बरामद की गई।
पुलिस टीम की भूमिका
गुरूर थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील तिर्की, आरक्षक पिताम्बर निषाद, साइबर सेल के एएसआई धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर मरकाम, आरक्षक आकाश सोनी और पूरन बालोद की टीम ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के मामलों में लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है और आमजन को भी जागरूक रहकर ऐसे जालसाजों से सावधान रहने की जरूरत है।




















