बालोद। जिला मुख्यालय स्थित जयस्तंभ चौक में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी मुर्दाबाद” और “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” के नारे लगाए। बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ता विरोध में सड़क पर उतरे।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं का आरोप है कि हाल ही में बिहार में आयोजित एक जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन के खिलाफ अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी की गई। इससे कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मंच पर मौजूद होने के बावजूद न तो इसका विरोध किया और न ही संबंधित नेताओं को रोका, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस ऐसी राजनीति का समर्थन कर रही है।
जिला भाजयुमो अध्यक्ष आदित्य पिपरे के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला जलाकर कांग्रेस से माफी की मांग की। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के सर्वोच्च पद पर हैं और उनकी मां के लिए अपमानजनक टिप्पणी करना पूरे देश का अपमान है।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की टिप्पणियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और यदि ऐसा दोबारा हुआ तो और भी उग्र विरोध किया जाएगा।
इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता यज्ञदत्त शर्मा, कृष्णकांत पंवार, प्रेम साहू, सुरेंद्र देशमुख, शरद ठाकुर, रिंकू शर्मा, निशा योगी, अमित चोपड़ा, संजय साहू, एकांत पवार, पंकज चौधरी,अनूप देशमुख सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















